गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड के दौरान किसानों और पुलिस के बीच हुए टकराव के हालात शनिवार को फिर बन सकते हैं। किसान चक्का जाम करने और पुलिस उन्हें रोकने पर अडिग है।
सुबह ड्यूटी व स्कूल-कॉलेज जाने वालों को परेशानी न हो, इसके लिए दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक नैशनल हाइवे को जाम करने का ऐलान हुआ है। जाम करने वाले स्थान को शनिवार सुबह ही तय किया जाएगा। चक्का जाम के दौरान तीन घंटों में राहगीरों को कृषि कानून की खामियां बताएंगे। उधर, पुलिस ने कहा कि हाइवे जाम नहीं करने दिया जाएगा। जिला पुलिस, आईआरबी, आरएएफ, अर्धसैनिक बलों के साथ दंगारोधी वाहन तैनात किए गए हैं। 7 स्थानों पर पुलिस नाका लगेंगे। बल प्रयोग करने की भी चेतावनी दी गई है।
वाहनों के लिए 7 रूटों में बदलाव किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि हाइवे से होकर गुजरने से बचें। किसानों ने कहा कि उनके उद्देश्य टकराना नहीं बल्कि अपनी मांगों को लेकर सरकार से विरोध जाहिर करना है। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान शनिवार को दिल्ली आगरा नैशनल हाइवे को जाम करेंगे। किसान नेताओं ने पूरी प्लानिंग कर ली है। दोपहर 12 से 3 बजे तक जाम में फंसने वालों को कृषि कानूनों की कॉपियां दी जाएंगी और मदद की अपील की जाएगी।
GIPHY App Key not set. Please check settings